मुज़फ्फरनगर। सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस पूरे उत्साह और भव्यता सम्पूर्ण देश में मनाया गया। इसी कड़ी में जनपद के प्रतिष्ठित होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा में राष्ट्रीय एकता दिवस बड़ी ही भव्यता के साथ मनाया गया। इस वर्ष का आयोजन ‘एक भारत-आत्मनिर्भर भारत’ की थीम पर केंद्रित रहा, जो देश के सशक्त, आत्मनिर्भर और एकजुट भारत के निर्माण की भावना को प्रकट करता है। इस कार्यक्रम के आयोजन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ को राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। समारोह के दौरान परिसर में वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारों से माहौल देशभक्ति से ओत-प्रोत रहा ।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया, जिन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, संघर्ष और भारत के एकीकरण में उनके अमूल्य योगदान पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की दूरदर्शिता और दृढ़ निश्चय के कारण ही आज भारत एक अखंड राष्ट्र के रूप में खड़ा है।
इस अवसर पर लौह पुरुष ‘व्यक्तित्व एवं कृतित्व’ विषय पर क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने सरदार पटेल के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका और रियासतों के एकीकरण में उनके योगदान पर आधारित प्रश्नों का उत्साहपूर्वक उत्तर दिया। प्रतियोेगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

होली चाइल्ड़ पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने छात्र-छात्राओें को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन त्याग, साहस और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने भारत को केवल भौगोलिक रूप से नहीं, बल्कि भावनात्मक रूप से भी जोड़ा। आज के युवा वर्ग को उनसे यह सीख लेनी चाहिए कि देश की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। राष्ट्रीय एकता दिवस हमें याद दिलाता है कि हम सभी भारतीय पहले हैं, बाकी सब बाद में। उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय परिवार का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में देशभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रीय एकता की भावना का विकास करना भी है।
समारोह के अंत में विद्यार्थियों ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। विद्यालय परिसर में सरदार पटेल के जीवन से संबंधित चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे विद्यार्थियों और अतिथियों ने बड़ी रुचि से देखा।

कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया, प्रवक्ता शशांक शर्मा, रीता त्यागी, वंदना शर्मा तथा विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा।
