मुजफ्फरनगर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आज “राष्ट्रीय एकता दिवस” के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन मुजफ्फरनगर में भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने की।कार्यक्रम की शुरुआत सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुई।

इस दौरान एसएसपी वर्मा ने लौह पुरुष के राष्ट्रनिर्माण में योगदान को याद करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने देश के 562 रियासतों का विलय कर अखण्ड भारत की नींव रखी। उनकी दूरदर्शिता, कर्तव्यनिष्ठा और देशप्रेम आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस का उद्देश्य देशवासियों में एकता, अखण्डता और भाईचारे की भावना को सशक्त बनाना है।इसके उपरांत एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखण्डता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि एक पुलिसकर्मी के रूप में हमारा दायित्व है कि हम देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून व्यवस्था और सामाजिक समरसता को हर स्थिति में बनाए रखें।

शपथ ग्रहण के बाद सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।कार्यक्रम के दौरान रिजर्व पुलिस लाइन में अनुशासन और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। अधिकारियों ने सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने और समाज में एकता एवं शांति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। समारोह के अंत में उपस्थित जनों ने देश की अखण्डता के लिए अपना योगदान देने का प्रण लिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती इन्दु सिद्धार्थ, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा, क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव, क्षेत्राधिकारी फुगाना श्रीमती रूपाली राय चौधरी, क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
