प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जब शनिवार को अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला से कहा कि उनकी अंतरिक्ष यात्रा भारत के गगनयान मिशन की दिशा में पहला कदम है, तब अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन ‘भारत माता की जय’ के नारे से गूंज उठा।

पृथ्वी की 400 किमी की ऊंचाई पर परिक्रमा कर रहे आईएसएस पर मौजूद शुक्ला से बातचीत करते हुए मोदी ने कहा, आपकी ऐतिहासिक यात्रा सिर्फ अंतरिक्ष तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह विकसित भारत की दिशा में किये जा रहे प्रयासों को नयी गति प्रदान करेगी।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पीएम मोदी और शुक्ला की बातचीत की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, पीएम ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर मौजूद ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के साथ बातचीत की।

पीएम मोदी ने इस बातचीत का एक वीडियो भी एक्स पर साझा किया और लिखा, मैंने ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के साथ एक शानदार बातचीत की, जिसमें उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से अपने अनुभव साझा किए। बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कहा, आप भारत से सबसे दूर हैं, लेकिन भारतीयों के दिल के सबसे करीब हैं।

उन्होंने शुक्ला के नाम में शुभ होने का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी यह सफल अंतरिक्ष यात्रा देश के युवाओं के लिए एक नए युग का शुभ-आरंभ है। बातचीत में हलके फुलके पल भी आए जब पीएम मोदी ने शुक्ला से पूछा, क्या आपने और अन्य अंतरिक्ष यात्रियों ने वहां गाजर का हलवा खाया?

पीएम ने पूछा कि अंतरिक्ष से भारत कैसा दिखता है, तो शुक्ला ने कहा, भारत अंतरिक्ष से नक्शे की तुलना में और भी भव्य और बड़ा दिखता है। उन्होंने देशवासियों के लिए संदेश देते हुए कहा, अगर आप अपने भविष्य को सही तरीके से बनाएंगे, तो देश का भविष्य भी अच्छा होगा। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights