केन्या-इथियोपिया के धावकों के साथ होगा नैनीताल मानसून माउंटेन मैराथन
नैनीताल, 23 जून (हि.स.)। पर्वतीय पर्यटन नगरी नैनीताल की दौड़ के लिये समर्पित संस्था ‘रन टु लिव’ के तत्वावधान में हर वर्ष सितंबर माह के दूसरे रविवार को आयोजित होने वाला वार्षिक आयोजन ‘नैनीताल माउंटेन मानसून मैराथन’ (एनएम-3) का 14वां संस्करण इस वर्ष 14 सितंबर को आयोजित किया जाएगा।
इस संदर्भ में मल्लीताल स्थित न्यू क्लब में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में आयोजकों ने प्रतियोगिता की जानकारी साझा करते हुए इसकी टी-शर्ट का अनावरण भी किया। संस्था ने इस वर्ष की प्रतियोगिता की थीम ‘रन फॉर उत्तराखंड’ यानी उत्तराखंड के लिये दौड़ों निर्धारित की गयी है। आयोजन के दिन पांच प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी।
बताया गया कि मैराथन का आयोजन नैनीताल के ऐतिहासिक फ्लैट्स मैदान से सुबह सात बजे आरंभ होगा, जिसमें 21, 10 व 5 किलोमीटर की दौड़ों के साथ 45 वर्ष व 55 वर्ष से अधिक आयु वर्ग तथा स्थानीय धावकों की विभिन्न श्रेणियों में आयोजित की जाएंगी और कुल ₹3,67,000 के नकद पुरस्कार दिये जाएंगे। ‘रन फॉर फन’ श्रेणी में 15 लकी ड्रा विजेताओं को ₹25,000 के पुरस्कार आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 जुलाई घोषित की है। इस वर्ष देश के अनेक राज्यों के अलावा नैनीताल व आसपास के विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ केन्या व इथियोपिया के अंतरराष्ट्रीय धावकों के प्रतिभाग की भी संभावना है।
इस दौरान संस्था की ओर से सरकार व उच्च न्यायालय से नैनीझील में तैराकी की अनुमति दिये जाने का भी आग्रह किया गया। इस अवसर पर संस्था के प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय धावक हरीश तिवारी, सचिव सागर देवरारी, हिमांशु जोशी, धीरेंद्र भाकुनी, सुधीर वर्मा, गोपाल नयाल, विनोद पंत, मनोज बिष्ट, रवींद्र खनका, पंकज बिष्ट, वीरेंद्र साह आदि मोजूद रहे।
