मुजफ्फरनगर। सर्दी के मौसम में नगर की व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानने और आमजन से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका के शेल्टर होम का औचक निरीक्षण कर वहां ठहरे जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के समय नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह, अन्य अधिकारी व सभासद मौजूद रहे।नगर भ्रमण के क्रम में पालिका अध्यक्ष शिव चौक पहुंचीं, जहां उन्होंने भगवान शिव की आराधना की। इसके बाद वीर बाल दिवस के अवसर पर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में मत्था टेककर गुरुवाणी का पाठ सुना।इसके पश्चात गोल मार्केट क्षेत्र में पालिका अध्यक्ष ने व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद किया। लोगों ने सफाई व्यवस्था, सड़कों और विकास कार्यों की सराहना करते हुए अपनी समस्याएं व सुझाव भी सामने रखे।
पालिका अध्यक्ष ने नगर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग की अपील की और व्यापारियों से अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर डस्टबिन रखने का आग्रह किया।पालिका अध्यक्ष ने अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह के साथ शहर में संचालित अलाव व्यवस्था का भी निरीक्षण किया, ताकि ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को दी जा रही सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।भ्रमण के दौरान नुमाइश कैंप कॉलोनी में वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में पूर्व विधायक अशोक कंसल, सभासद सतीश कुकरेजा, मनोज वर्मा, हिमांशु कौशिक सहित अन्य लोगों के साथ प्रसाद स्वरूप दूध का वितरण किया गया। नगरवासियों ने इस पहल को सकारात्मक बताते हुए इसे जनहित में एक सक्रिय कदम बताया।
