मुज़फ्फरनगर।
शहर का ऐतिहासिक नुमाइश मेला शुक्रवार को शाम 6 बजे कवि सम्मेलन के साथ विधिवत रूप से शुरु होगा। इस साल मेले में परंपरा के साथ आधुनिकता का तड़का भी देखने को मिलेगा। मेला प्रबंधन ने पहली बार हॉट एयर बैलून की सवारी का आयोजन किया है, जिसमें एक ऑपरेटर समेत पॉच लोग बैठकर आसमान की ऊँचाइयों से मेले और शहर का मनोरम दृश्य देख सकते हैं। गुब्बारे में बैठते ही मेले की रौशनी, झूले, दुकानों की चहल-पहल और शहर का नजारा बेहद आकर्षक दिखाई देता है। इस अनुभव को लेकर लोग बेहद उत्साहित हैं और इसे देखते ही बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी रोमांचित हैं।

हॉट एयर बैलून के बाद मेला में जिप लाइन रोप-वे और बंजी जंपिंग की सुविधा भी लोगों के लिए तैयार की गई है। जिप लाइन पर लटकते हुए लोग मेले के एक सिरे से दूसरे सिरे तक हवा में तैरते हुए पहुँचते नजर आते हैं। बंजी जंपिंग युवाओं और साहसिकता पसंद लोगों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं। ऊँचाई से नीचे झूलते हुए लोग अपनी सारी थकान और तनाव हवा में छोड़ते हुए आनंद का अनुभव कर रहे हैं। मेले में इलेक्ट्रॉनिक झूलों की भरमार है। बच्चों के लिए ड्रैगन ट्रेन, टॉरनेडो, ब्रेक डांस, हवाई जहाज़ झूला और वयस्कों के लिए जाइंट व्हील जैसे रोमांचक राइड्स का आयोजन किया गया है। रात में झूले और मेले की झिलमिलाती रौशनी पूरे मेले को जगमगा उठा देती है। हर गली, हर दुकान और झूले रंग-बिरंगी रोशनी में नहा उठते हैं, जिससे वातावरण बेहद जीवंत और उत्सवमय हो जाता है।

मेले में खाने-पीने की विविधता भी देखने लायक है। जलेबी, समोसा, पनीर टिक्का, चाट और अन्य व्यंजनों की महक मेले के हर कोने में फैली हुई है। इसके साथ ही हस्तशिल्प गलियारे में देशभर से आए कारीगर लकड़ी, पीतल, हाथ से बनी चादरें और सजावटी वस्तुएँ प्रदर्शित कर रहे हैं। ये कलाकृतियाँ मेले में आने वाले लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं और सांस्कृतिक धरोहर का अनुभव कराती हैं।सुरक्षा व्यवस्था पर इस बार विशेष ध्यान दिया गया है। पूरे मेले में 200 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है और पुलिस प्रशासन तथा निजी सुरक्षा कर्मी पूरी सतर्कता के साथ तैनात हैं। मेले के बाहर वाहन पार्किंग की व्यवस्था भी व्यवस्थित रूप से की गई है ताकि ट्रैफिक जाम न बने और लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मेले के उद्घाटन समारोह में बागपत सांसद राजकुमार सांगवान, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, बुढ़ाना विधायक राजपाल बालियान, पूर्व सांसद एवं केन्द्रिय मंत्री डॉ संजीव बलियान, सांसद हरेंद्र मलिक, मीरापुर विधायक मिथलेश पाल, राजपाल सैनी उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर उमेश मिश्रा, एसएसपी संजय कुमार वर्मा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेगें। मुज़फ्फरनगर भाजपा जिला अध्यक्ष विजय शुक्ला और पूर्व जिला अध्यक्ष, लोकदल जिला अध्यक्ष संदीप मलिक भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।

धर्म कंस्ट्रक्शन एंड डेवलोपर्स के मैनेजिंग डायरेक्टर सुधीर अहलावत ने बताया कि इस बार मेला विशेष रूप से परिवारों और बच्चों के लिए रोमांचक और मनोरंजक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए कई नए आकर्षण जोड़े गए हैं और हर आगंतुक यहाँ से आनंद और यादें लेकर जाए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights