मनोज पाल (9911711593)
मुजफ्फरनगर । मुजफ्फरनगर में रविवार को यातायात पुलिस ने ऐसी सख्ती दिखाई कि पूरे शहर में लापरवाह वाहनों पर ब्रेक लग गए। सड़क सुरक्षा एवं यातायात माह-नवम्बर के तहत चले सघन चेकिंग अभियान में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 852 वाहनों की जांच की और नियम तोड़ने वालों पर कडी कार्रवाई की। नियमों की अनदेखी करने वाले और लापरवाह वाहन चालक हर चौराहों पर पुलिस की इस सख्ती से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और कई लोग मौके से ही नियमों का पालन करते दिखे।पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, क्षेत्राधिकारी रविन्द्र प्रताप सिंह और यातायात प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्व में पूरे शहर में जाल बिछाकर चेकिंग की गई।

अभियान इतना व्यापक था कि कई प्रमुख चौराहो पर पुलिस ने किसी को भी बिना जांच आगे नहीं बढ़ने दिया।अभियान में सबसे ज्यादा लोग बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट चलते मिले। 114 लोग बिना हेलमेट पकड़े गए, जबकि 31 लोग सीट बेल्ट लगाए बिना चारपहियां चलाते मिले। पुलिस ने 39 दोपहियां चालकों को तीन सवारी बैठाने पर पकड़ा, 21 वाहन बिना लाइसेंस और 12 बिना बीमा चलते मिले। 19 वाहन बिना प्रदूषण प्रमाणपत्र के पाए गए, जबकि 29 ई-रिक्शा नो एंट्री ज़ोन में चलते दबोचे गए। इसके अलावा 8 चालक वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करते हुए पकड़े गए, 19 लोग गलत दिशा में वाहन दौड़ाते मिले, और 3 नाबालिग वाहन चलाते हुए पकड़े गए। पुलिस ने काली फिल्म लगे वाहनों और फर्जी नंबर प्लेट वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की।

शासन के आदेश के तहत सबसे बड़ी कार्रवाई बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाले एक डंपर पर हुई, जिस पर पुलिस ने 15 हजार का भारी जुर्माना ठोक दिया। वहीं मंसूरपुर शुगर मिल यार्ड में उपनिरीक्षक यातायात तरुण कुमार और उनकी टीम ने गन्ना ढुलाई में लगे वाहनों भैंसा-बुग्गी, ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रकों पर दुर्घटना से बचाव के लिए 109 वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए।इस दौरान यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क नियमों का पालन करें, हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग करें, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन न चलाएं और सभी जरूरी कागजात हमेशा साथ रखें, ताकि किसी भी दुर्घटना या कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके। पुलिस ने साफ कहा है कि नियम तोड़ोगे, तो कार्रवाई होगी; सड़क सुरक्षा सबसे ऊपर है।
