एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने चाचा चौधरी और साबू के जरिए साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए

मुजफ्फरनगर।
डिजिटल युग में तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों से आम जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर पुलिस ने एक अनोखी पहल की है। शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने मेरठ जोन की पहली “साइबर जागरूकता कॉमिक्स” का विमोचन किया। यह कॉमिक्स प्रसिद्ध कार्टून पात्र चाचा चौधरी और साबू पर आधारित है, जिसमें रोचक चित्रों और सरल भाषा के माध्यम से साइबर अपराधों और उनसे बचाव के उपाय बताए गए हैं।

एसएसपी ने बताया कि यह कॉमिक्स मेरठ जोन में मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा पहली बार जारी की गई है। इसमें ऑनलाइन फ्रॉड, फिशिंग, साइबर बुलिंग, ओटीपी फ्रॉड, एटीएम क्लोनिंग, सोशल मीडिया ठगी, डिजिटल अरेस्ट और एपीके फाइल धोखाधड़ी जैसे अपराधों को रोचक और चित्रात्मक तरीके से समझाया गया है। पुलिस प्रशासन ने जानकारी दी कि इस कॉमिक्स को स्कूल, कॉलेज, मार्केट और ऐसे सार्वजनिक स्थल पर वितरित किया जाएगा, जहाँ लोग सामान्य रूप से इकट्ठा होते हैं। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी देना और उन्हें डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है।

एसएसपी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “साइबर अपराध आज के समय की सबसे बड़ी चुनौती है। हमें अपने बैंक विवरण, ओटीपी और व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या www.cybercrime.gov.in पर दें।” उन्होंने बताया कि जिले में साइबर थाना और सभी थानों पर साइबर हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं।

जानकारी के अनुसार, इस कॉमिक्स के विमोचन का समय 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलने वाले ‘राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा माह’ के अवसर पर किया गया है। इस पूरे महीने में साइबर जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रम और प्रचार-प्रसार किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि मुजफ्फरनगर पुलिस की यह पहल मेरठ जोन में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता लाने का पहला और प्रभावी प्रयास है, जो निश्चित रूप से जनमानस को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

विमोचन कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा, क्षेत्राधिकारी अपराध ऋषिका सिंह, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह, प्रभारी निरीक्षक सुल्तान सिंह, उपनिरीक्षक गौरव कुमार (साइबर थाना) सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights