मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर पुलिस ने बुढाना कोतवाली क्षेत्र में 1 लाख के इनामी बदमाश को ढेर कर दिया इस बदमाश पर लूट हत्या जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज थे | मुठभेड़ में दो पुलिस कर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं |

बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के परासौली गांव के जंगल में शुक्रवार देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश महताब मारा गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की ताबड़तोड़ फायरिंग में गढ़ी सखावतपुर चौकी प्रभारी ललित कसाना और सिपाही अली गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को देर रात सूचना मिली थी कि परासौली जंगल में कुछ बदमाश बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। इस पर बुढ़ाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने आत्मसमर्पण के लिए कहा तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से शामली जिले के रसूलपुर निवासी महताब ढेर हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से पिस्टल, रिवाल्वर, बाइक और भारी संख्या में कारतूस बरामद किए।महताब के खिलाफ लूट, डकैती और रंगदारी समेत करीब 18 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।

हाल ही में बुढ़ाना निवासी सर्राफा कारोबारी नेमचंद वर्मा और उनके पोते शिवम से हुई लूट की वारदात में भी वह वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। घटनास्थल से पुलिस को बदमाश महताब के कब्जे से भारी मात्रा में लूट का सामान और हथियार बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि उसके पास से करीब डेढ़ किलोग्राम चांदी, लगभग 30 ग्राम सोने के आभूषण, एक अवैध शस्त्र, जिंदा और खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल मिली है। बरामद आभूषण हाल ही में हुई लूट की वारदात से संबंधित बताए जा रहे हैं।

मुठभेड़ की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक देहात आदित्य बंसल और सीओ बुढ़ाना गजेंद्रपाल सिंह मौके पर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना की।एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि महताब लंबे समय से फरार चल रहा था और कई बड़ी वारदातों में वांछित था। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी एकत्र की जा रही है। मुठभेड़ में उसकी मौत पुलिस के लिए बड़ी सफलता है, जिससे क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights