मुज़फ़्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को चेकिंग के दौरान पुलिस और एक शातिर गौकश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की और गोली चला दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।शुक्रवार दोपहर शहर कोतवाली पुलिस नियमित गश्त और चेकिंग अभियान में थी। इसी दौरान एक युवक की गतिविधियों पर पुलिस कर्मियों को शक हुआ और उसे रुकने का इशारा किया गया। युवक ने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया और खुद को घिरता देख अचानक पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी।गिरफ्तार युवक की पहचान सहारनपुर के सरसावा निवासी चांद पुत्र अली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार चांद लंबे समय से गौकशी और अवैध हथियारों से जुड़ी वारदातों में लिप्त रहा है। उस पर दस हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एएसपी/सीओ सिटी सिद्धार्थ मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का निरीक्षण किया। घायल आरोपी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। अस्पताल पहुंचने पर चांद पुलिस के सामने हाथ जोड़कर अपने अपराधों के लिए माफी मांगता नजर आया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ नए मुकदमे दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में टीमों को लगा दिया गया है, ताकि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
