मुजफ्फरनगर।थाना तितावी पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और सतर्क पुलिसिंग का परिचय देते हुए करीब चार वर्षों से लापता व्यक्ति को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया है। अपनों से बिछुड़े सदस्य को जीवित और सुरक्षित पाकर परिवार की आँखें भर आईं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चल रहे नौकर सत्यापन अभियान के दौरान यह बड़ी सफलता हाथ लगी।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी फुगाना नीरज सिंह के मार्गदर्शन में, थाना तितावी प्रभारी पवन कुमार की टीम ने लापता शैलेंद्र उर्फ शंकर (पुत्र जगदीश चंद्र), निवासी ग्राम ब्रजपुर, जनपद मैनपुरी को खोज निकाला।पुलिस के मुताबिक, शैलेंद्र बीते करीब चार वर्षों से अपने परिवार से संपर्क से बाहर था। अभियान के तहत जुटाई गई सूचनाओं और सतत प्रयासों के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान सुनिश्चित की और सुरक्षित बरामदगी की। इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएँ पूरी कर उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया।परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताते हुए कहा कि तितावी पुलिस ने न केवल एक व्यक्ति को ढूंढा, बल्कि एक बिखरते परिवार को फिर से जोड़ दिया।
