मुजफ्फरनगर। थाना रामराज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहां अमृतसर में एक 17 वर्षीय किशोर से दोस्ती कर उसे झांसे में लेकर साइबर ठगी करने वाले दो शातिर ठगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की गई पूरी रकम 1,62,400 रुपये नगद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वादी गुरचरन सिंह, निवासी ग्राम आलमपुर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनका पुत्र घूमने के लिए अमृतसर गया था, जहां उसकी एक मोबाइल शॉप पर बैठे युवक से मित्रता हो गई। आरोपी युवक ने किशोर को पैसे निवेश करने पर दोगुना लाभ मिलने का लालच दिया और उस पर विश्वास कर किशोर ने परिजनों को बताए बिना कई बार में एक लाख से अधिक रुपये आरोपी के खाते में भेज दिए। बाद में जब किशोर ने पैसे वापस मांगे तो ठगों ने एक व्यक्ति को पुलिस कमिश्नर बनाकर फोन कराया और डरा-धमकाकर उससे 45,000 रुपये और ठग लिए।

कुल मिलाकर किशोर से 1,62,400 रुपये की साइबर ठगी की गई। तहरीर के आधार पर थाना रामराज में मुकदमा संख्या 83/2025 धारा 318(4) बीएनएस एवं 66डी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के बैंक खाते फ्रीज कराए और आज दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी प्रशांत उर्फ निखिल ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी नाजिब अली के साथ मिलकर किशोर से रूपये दोगुने करने का लालच दिया और बाद में फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर उससे और पैसे डलवाए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रशांत उर्फ निखिल पुत्र कौशल मौर्या निवासी नूरेशाह मोहल्ला इस्लामाबाद थाना सी डिवीजन अमृतसर, पंजाब तथा नाजिब अली पुत्र तैयब अली निवासी मोहल्ला किशनकोट इस्लामाबाद थाना सी डिवीजन अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। कार्रवाई एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक अपराध ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी जानसठ यतेन्द्र सिंह नागर और थाना प्रभारी रवेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रवेन्द्र सिंह यादव, उपनिरीक्षक रईस अहमद, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, उपनिरीक्षक हर्षित शर्मा, कांस्टेबल बहादुर सिंह तथा मु.आ. चालक देवेंद्र सिंह शामिल रहे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights