मुज़फ्फरनगर।नई मंडी थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक अंतरजनपदीय गैंग का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों से 29 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिनमें अधिकतर एप्पल कंपनी के महंगे आईफोन शामिल हैं। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 30 लाख रुपये बताई जा रही है। यह गैंग चोरी और छीने गए मोबाइल फोन देश के विभिन्न स्थानों के साथ-साथ नेपाल और बांग्लादेश तक बेचता था।एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि 1 दिसंबर को सचिन संघल नामक व्यक्ति ने रिपोर्ट दी थी कि एक युवक गाड़ी के सामने खड़ा होकर गाली-गलौच करता हुआ उनका सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल छीनकर फरार हो गया था । मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीमों का गठन किया गया और तकनीकी व मानवीय खुफिया माध्यमों से जांच आगे बढ़ाई गई थी। जांच के दौरान 7 दिसंबर की रात पुलिस ने एटूजेड तिराहे से दो आरोपियों—फराज उर्फ कांचा और सुहैल—को गिरफ्तार कर लिया।

इनके पास से घटना में छीना गया मोबाइल और 28 अन्य चोरी/छिनैती के मोबाइल मिले, जिनमें अधिकांश आईफोन और सैमसंग के प्रीमियम मॉडल हैं। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे महंगे फोन को ही निशाना बनाते थे क्योंकि इनकी मांग अधिक होती है और नेपाल, बांग्लादेश जैसे स्थानों पर यह फोन ऊँचे दामों में आसानी से बिक जाते हैं। चोरी और छिनैती किए गए फोन को वे सीमावर्ती इलाकों तक पहुंचाने के लिए अपने नेटवर्क का इस्तेमाल करते थे।गैंग का तीसरा सदस्य महफूज, निवासी मेरठ, फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर दी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी लंबा है और उन पर गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, मेरठ और मुज़फ्फरनगर में चोरी, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस बरामद मोबाइलों की पहचान कर उन्हें संबंधित मालिकों को सौंपने की प्रक्रिया में लगी है, जबकि फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights