मुजफ्फरनगर।थाना खालापार पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए फर्जी तरीके से पेशेवर जमानती तैयार कर मुल्जिमों की जमानत कराने वाले शातिर अभियुक्त आशु जैन निवासी कृष्णापुरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और दो आधार कार्ड भी बरामद किए हैं।6 दिसंबर को तबलशा रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने आशु जैन को संदिग्ध परिस्थिति में रोका। तलाशी के दौरान मिले आधार कार्डों के बारे में पूछताछ में उसने बताया कि वह कचहरी में वकीलों के पास काम करता है। वहीं से उसे जानकारी मिली कि कई मुल्जिम जमानती न मिलने के कारण जेल से बाहर नहीं आ पाते। इसी कमजोरी का फायदा उठाकर उसने अपनी संपत्ति के कागजात तैयार कराए और कुछ फर्जी जमानती बनवाए। वकीलों से मिलीभगत कर वह पेशेवर जमानतियों के माध्यम से आरोपियों की जमानत कराता था और इसके बदले मोटी रकम वसूलता था।
आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ मुजफ्फरनगर और मेरठ के विभिन्न थानों में चोरी, डकैती, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित करीब 17 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से सक्रिय अपराधी है और कई मामलों में पहले भी जेल जा चुका है।पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा संख्या 214/2025 धारा 3/25 आयुध अधिनियम एवं 318(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राकेश कुमार, हेड कांस्टेबल जयदीप नागर, कांस्टेबल नीरज कुमार और कांस्टेबल रविन्द्र कुमार आदि शामिल रहे |
