मुज़फ़्फ़रनगर।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में जनपदभर में ‘मिशन शक्ति–5.0’ के तहत एंटी रोमियो टीमों ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। टीमों ने कस्बों, बाजारों, स्कूल–कॉलेजों, धार्मिक स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं व बालिकाओं से संवाद स्थापित करते हुए उनकी सुरक्षा और अधिकारों से जुड़ी जानकारी साझा की।अभियान का उद्देश्य जिले में महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण का माहौल तैयार करना रहा।

पुलिस कर्मियों ने मौके पर पंपलेट वितरित कर महिला हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इनमें डायल–112, हेल्पलाइन–181, वूमेन पावर लाइन–1090, चाइल्ड हेल्पलाइन–1098, एंबुलेंस सेवा–108, स्वास्थ्य सेवा–102, सीएम हेल्पलाइन–1076, वन स्टॉप सेंटर–181 आदि शामिल रहे।


टीमों ने जनसुनवाई पोर्टल, स्थानीय थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र तथा महिलाओं से संबंधित प्रमुख सरकारी योजनाओं—निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना—की जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान का प्रमुख उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनमें जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाना है, ताकि वे किसी भी परिस्थिति में अपने अधिकारों का प्रभावी उपयोग कर सकें।
