मुजफ्फरनगर। कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने गुरुवार देर रात भारी पुलिस बल के साथ शहर में फ्लैग मार्च किया। एसएसपी ने बाजार क्षेत्रों, मुख्य मार्गों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।फ्लैग मार्च के दौरान उन्होंने ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता, ट्रैफिक नियंत्रण व्यवस्था और रात में गश्त की स्थिति की समीक्षा की।

एसएसपी वर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखें, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की प्रभावी चेकिंग करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत व कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें।उन्होंने स्वयं भी कई स्थानों पर रुककर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कराई और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।फ्लैग मार्च में पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा सहित सभी क्षेत्राधिकारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
