मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की एंटी-रोमियो टीमों द्वारा मिशन शक्ति-5.0 अभियान के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों और महिला केंद्रित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।अभियान के तहत एंटी-रोमियो टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र में स्थित कस्बों, बाजारों, स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा जागरूकता गतिविधियां संचालित कीं।

टीमों ने महिलाओं को ट्वीट सेवा, डायल-112, हेल्पलाइन-181, वूमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा-102 और एंबुलेंस सेवा-108 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी पंपलेट के माध्यम से उपलब्ध कराई।इसके साथ ही जनसुनवाई पोर्टल, स्थानीय थाने पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्र और महिलाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं—जैसे निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान योजना और महिला शक्ति केंद्र योजना—के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई।पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य जनपद की महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण की भावना को और मजबूत करना है।
