मुज़फ्फरनगर | चरथावल थाना पुलिस ने दो शातिर मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 290 ग्राम अवैध चरस और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया है। यह अभियान सहारनपुर परिक्षेत्र के डीआईजी अभिषेक सिंह के निर्देश पर नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुज़फ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा, एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत, सीओ सदर डॉ. रवि शंकर और थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।पुलिस टीम 28 नवंबर की रात गश्त और चेकिंग पर थी। ग्राम सिकंदरपुर मार्ग पर मोड़ के पास दो संदिग्ध युवक खड़े दिखाई दिए। तलाशी लेने पर थैले से 290 ग्राम चरस और इलेक्ट्रॉनिक कांटा मिला, जिसके बाद दोनों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गुलाब पुत्र ओमपाल और मनोज पुत्र ओमपाल, निवासी देविपुरा, थाना थानाभवन, जनपद शामली के रूप में हुई।पूछताछ में दोनों तस्करों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से स्मैक, चरस और अन्य नशीले पदार्थों का अवैध धंधा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि चरस का कुछ हिस्सा वे खुद तैयार करते हैं और कुछ अन्य लोगों से खरीदकर मुज़फ्फरनगर, शामली, सहारनपुर और हरियाणा में बेचते हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी इस अवैध कारोबार से मोटा मुनाफा कमा रहे थे और उसी चरस की सप्लाई देने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।थाना चरथावल पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/20 में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही इनके नेटवर्क की जांच के लिए फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की पड़ताल भी की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजय कुमार, उपनिरीक्षक निक्की मौहर, हे0का0 दिनेश कुमार और कांस्टेबल रोहित कुमार शामिल रहे।पुलिस का कहना है कि नशे के अंधकार से युवाओं को बाहर निकालने और जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए ऑपरेशन सवेरा आगे भी पूरे दमखम के साथ जारी रहेगा।
