मुजफ्फरनगर। “ऑपरेशन सवेरा” के तहत शाहपुर पुलिस ने सोमवार को बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से 21 किलो 100 ग्राम गांजा और तस्करी में प्रयुक्त टोयोटा इटियोस कार बरामद की है, जिसकी कुल कीमत लगभग 6 लाख रुपये बताई जा रही है।कुटबा नहर पटरी पर गश्त के दौरान पुलिस को सिंचाई विभाग के पुराने खण्डहर के पास एक संदिग्ध कार खड़ी मिली। जांच की कोशिश करते ही तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। कार की तलाशी में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा हुआ मिला।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलशाद (निवासी शाहपुर), लिल्ला उर्फ लाड़्डी और जसमेर सिंह उर्फ गोल्डी (दोनों निवासी कैथल, हरियाणा) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में तीनों ने स्वीकार किया कि वे उड़ीसा से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर हरियाणा में सप्लाई के लिए ले जा रहे थे। तस्करी कर अवैध आर्थिक लाभ कमाना ही उनका मुख्य उद्देश्य था। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।टीम में थानाध्यक्ष मोहित चौधरी समेत उपनिरीक्षक विकास चौधरी, उपनिरीक्षक अभिषेक चौधरी, हेडकॉन्स्टेबल रोहताश, हेडकॉन्स्टेबल प्रेमचन्द्र शर्मा, कॉन्स्टेबल शिवम यादव, प्रशांत कुमार, अनुपम यादव और मोहम्मद अलीम शामिल रहे। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
