मुज़फ़्फ़रनगर | बुढ़ाना क्षेत्र के हुसैनपुर कलां में युवक द्वारा आत्मदाह का प्रयास किए जाने के प्रकरण ने जिले की पुलिस व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस पर लगे आरोपों की जांच तेज़ी से आगे बढ़ी। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर एसपी देहात आदित्य बंसल स्वयं पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
दोनों अधिकारियों की संयुक्त निगरानी में हुई प्रारंभिक जांच में उपनिरीक्षक रामअवतार, सिपाही भूपेंद्र सिंह और विकास कुमार की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद विभाग ने तुरंत कार्रवाई की है।एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर लगे गंभीर आरोपों को कतई हल्के में नहीं लिया जाएगा। निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए पूरे प्रकरण की विस्तृत विवेचना जारी है, और दोषी पाए जाने पर आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।हुसैनपुर कांड ने जिले में पुलिस की छवि और कानून-व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है। उच्चाधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि पीड़ित को न्याय मिलेगा और किसी भी दोषी पुलिसकर्मी को संरक्षण नहीं दिया जाएगा।
