मुजफ्फरनगर। थाना रतनपुरी पुलिस ने रविवार को की गई तेज कार्रवाई में एक मुठभेड़ के दौरान 1 घायल सहित 3 शातिर गौकशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से एक जिंदा गौवंश, अवैध तमंचा, कारतूस तथा गौकशी के उपकरण बरामद किए हैं।जानकारी के अनुसार 23 नवंबर की सुबह रतनपुरी पुलिस टीम चौकी कल्याणपुर के पास चेकिंग कर रही थी कि इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम टोडा से भनवाड़ा रोड पर ईख के एक खेत में कुछ लोग गौकशी की फिराक में हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी एक गौवंश को बांधे हुए दिखाई दिए। घिरते देख एक आरोपी ने पुलिस पर फायर कर दिया और सभी खेत में भागने लगे।

पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें राशिद उर्फ रईश के पैर में गोली लग गई।पुलिस ने घायल अभियुक्त राशिद तथा उसके दो साथियों मेहराज और नदीम, निवासी रियावली नंगला को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके तीन साथी फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा व दो खोखा कारतूस, एक जिंदा बछड़ा, दो छुरियां और गौकशी के औज़ार बरामद किए गए।गिरफ्तार तीनों आरोपी पहले भी गौवध और आर्म्स एक्ट के कई मामलों में नामजद रह चुके हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ थाना रतनपुरी में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सहित उपनिरीक्षक अजय सोलकी, शैलेंद्र कुमार, मागेराम कर्दम, अजय यादव तथा पुलिस टीम के अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
