मुजफ्फरनगर। थाना छपार क्षेत्र में देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात लुटेरा शादाब पुत्र अजीज, निवासी मोहल्ला दीन मौहल्ला सुजडू, थाना खालापार, घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। घटना 22/23 नवंबर की रात की है, जब छपार–रोहाना मार्ग पर ग्राम खामपुर से पहले अमरूद के बाग के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन उसने बाइक को तेजी से जंगल की तरफ मोड़कर भागने की कोशिश की और अनियंत्रित होकर गिर पड़ा। मोटरसाइकिल छोड़कर आरोपी ने ट्यूबवेल की आड़ से पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।चेतावनी के बावजूद आरोपी ने दोबारा फायर किया, जिस पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोलीबारी में शादाब के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।

उसकी तलाशी लेने पर एक अवैध तमंचा, दो जिंदा व एक खोखा कारतूस तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।गिरफ्तार शादाब का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट सहित 10 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी का आपराधिक नेटवर्क भोपा, सिविल लाइन, खतौली, कोतवाली नगर और पुरकाजी थाना क्षेत्रों में फैला हुआ है।मुठभेड़ में पुलिस टीम में उ0नि0 सत्यप्रकाश यादव, उ0नि0 पवन कुमार, उ0नि0 अनुराग, हे0का0 मुनमुन सैन, का0 मोहित कुमार व का0 सोनवीर शामिल रहे। थाना छपार पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई जारी है।
