मुजफ्फरनगर। पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन मुजफ्फरनगर में आयोजित परेड की सलामी ली। परेड का संचालन सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन सिद्धार्थ के. मिश्रा द्वारा किया गया। इस दौरान एसपी नगर ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, एकरूपता और शारीरिक फिटनेस के महत्व पर बल दिया।एसपी नगर ने परेड में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहने के लिए दौड़ लगवाई। इसके बाद टोलीवार ड्रिल कराते हुए पुलिसकर्मियों के टर्नआउट की जांच की और शस्त्र संचालन तथा उनके उचित रख-रखाव का अभ्यास कराया।

परेड के उपरांत श्री प्रजापत ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजनालय, बैरक, मोटर परिवहन शाखा, शौचालय और बार्बर शॉप की साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही भोजनालय में पुलिसकर्मियों के खानपान की व्यवस्था और गुणवत्ता को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसपी नगर ने मोटर परिवहन शाखा में वाहनों के रखरखाव, साफ-सफाई और रजिस्टरों की जांच की। इसके साथ ही पुलिस कैफे का निरीक्षण कर वहां तैयार किए जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को उच्च स्तर पर बनाए रखने के निर्देश दिए।उन्होंने डायल-112 पीआरवी वाहनों का भी निरीक्षण किया और उनमें रखी प्राथमिक चिकित्सा किट व अन्य उपकरणों की स्थिति की जांच की।

एसपी नगर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पुलिसकर्मी सदैव तत्परता और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन सिद्धार्थ के. मिश्रा, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
