मुज़फ्फरनगर। शीतलहर और कड़ाके की ठंड के मद्देनज़र प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार ने तहसील बुढ़ाना क्षेत्र एवं नगर पंचायत शाहपुर बुढ़ाना में संचालित रैन बसेरों, अलाव व्यवस्था और कंबल वितरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने रैन बसेरों में ठहरे जरूरतमंद लोगों से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, शौचालय, बिस्तर, कंबल और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी जरूरतमंद को ठंड के कारण परेशानी नहीं होनी चाहिए और रैन बसेरे पूरी क्षमता के साथ संचालित रहें।इसके बाद नगर क्षेत्र में अलाव व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्धारित स्थलों पर नियमित रूप से अलाव जलाए जाएं, ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित हो और सार्वजनिक व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ठंड से बचाव के इंतजाम लगातार बने रहें।अत्यधिक ठंड को देखते हुए निरीक्षण के दौरान जरूरतमंद महिलाओं को कंबल भी वितरित किए गए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शीतलहर के दौरान कोई भी व्यक्ति ठंड से प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन हर स्तर पर आवश्यक कदम उठा रहा है।

निरीक्षण के समय तहसीलदार बुढ़ाना महेंद्र कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत आलोक कुमार सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शीतलहर समाप्त होने तक रैन बसेरों, अलाव और कंबल वितरण की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त न की जाए।
