मुज़फ़्फरनगर। ऐतिहासिक गाँव सोरम में रविवार को आयोजित सर्वजातीय सर्वखाप के सातवें महासम्मेलन में देशभर से पहुंचे खाप चौधरी और प्रतिनिधियों ने समाजिक एकता और अनुशासन को नई दिशा देने का संदेश दिया। महासम्मेलन का शुभारंभ शुक्रताल आश्रम के महंत स्वामी ओमानंद जी महाराज ने किया।कार्यक्रम के दौरान सर्व खाप के स्वर्गीय मंत्री कबूल सिंह तथा भाकियू के संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की प्रतिमाओं का अनावरण चरथावल के समाजवादी पार्टी विधायक पंकज मलिक व विभिन्न खापों के चौधरियों ने संयुक्त रूप से किया।विधायक पंकज मलिक ने कहा कि यह महासम्मेलन “पूरे भारत की संस्कृति और परंपरा का उत्सव” है। उन्होंने कहा कि जो लोग सामान्य रूप से घर से बाहर कम निकलते हैं, वे भी इस ऐतिहासिक पंचायत में शामिल होकर समाजिक भाईचारे का परिचय दे रहे हैं।
खाप पंचायतों की भूमिका पर उन्होंने कहा कि खापें हमेशा से सरकारों को सार्थक सुझाव देने और समाज में अनुशासन बनाए रखने का कार्य करती रही हैं।भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने अपने संबोधन में कहा कि खाप चौधरियों की असली ताकत समाज में अनुशासन और संस्कार बनाए रखना है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें, शिक्षा पर पूरा ध्यान दें और दहेज जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करने में आगे आएँ। गठवाला खाप की नाराज़गी के सवाल पर उन्होंने कहा कि “इस पर हमारी नो कमेंट पॉलिसी है।”महासम्मेलन में पहुंचे हजारों लोगों ने पारंपरिक संस्कृति, सामाजिक मूल्यों और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
