मुजफ्फरनगर।ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार ने जिला अस्पताल परिसर तथा रेलवे रोड पर संचालित स्थाई व अस्थाई रैन बसेरों का निरीक्षण किया। इस दौरान अलाव की व्यवस्थाओं की भी गहनता से जांच की गई।निरीक्षण के समय एडीएम ने रेलवे स्टेशन के समीप अलाव ताप रहे निराश्रित लोगों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं की स्थिति जानी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अलाव की व्यवस्था नियमित और पर्याप्त रखी जाए, ताकि ठंड से कोई भी व्यक्ति प्रभावित न हो।अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि रैन बसेरों में किसी भी हाल में कोई निराश्रित जमीन पर सोता हुआ नहीं मिलना चाहिए। सभी रैन बसेरों में फोल्डिंग बेड, पलंग, कंबल और अन्य आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने चेतावनी दी कि औचक निरीक्षण के दौरान यदि कोई व्यक्ति जमीन पर सोता पाया गया तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।एडीएम गजेंद्र कुमार ने यह भी निर्देश दिए कि बढ़ती ठंड के बीच कोई भी व्यक्ति सड़कों पर सोता हुआ दिखाई न दे। ऐसे लोगों को तत्काल रैन बसेरों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने रैन बसेरों में ठहरे लोगों से बातचीत कर भोजन, कंबल, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी भी ली।प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि ठंड के मौसम में निराश्रितों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
