मीरापुर। दिल्ली–पौड़ी राजमार्ग पर ग्राम पुट्टी इब्राहिमपुर के पास शनिवार देर शाम एक भीषण दुर्घटना हो गई। गन्ने से भरा एक अनियंत्रित ट्रक सामने से आ रही कार पर पलट गया, जिसमें कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, सहारनपुर निवासी जुनेद व सुहैल पुत्रगण मेहमूद संभल में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपनी कार से वापस सहारनपुर लौट रहे थे। जब उनकी कार रामराज थाना क्षेत्र के पुट्टी इब्राहिमपुर के पास पहुँची, उसी दौरान सामने से आ रहा गन्ने से लदा ट्रक किसी वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। तेज रफ्तार और गलत अंदाज़े के कारण चालक ट्रक पर नियंत्रण खो बैठा और भारी ट्रक सीधे कार पर पलट गया।टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक के नीचे आने से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक अंदर ही फंस गए। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मीरापुर थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह एवं रामराज थाना प्रभारी रवेन्द्र यादव पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे।

क्षेत्राधिकारी जानसठ यतेन्द्र सिंह नागर भी घटनास्थल पर पहुँचे और क्रेन की मदद से ट्रक को हटाकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई कराई। दोनों घायलों को गंभीर हालत में एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। क्षेत्राधिकारी के अनुसार, दोनों की स्थिति फिलहाल स्थिर है।हादसा हाईवे के बीचोंबीच होने के कारण मार्ग के दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने ट्रक और कार को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।स्थानीय लोगों का कहना है कि टिकोला शुगर मिल क्षेत्र से गन्ने से भरे बड़े ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉलियाँ बेहिसाब गुजरती हैं। वर्षों से शिकायत के बावजूद इन भारी वाहनों की अव्यवस्थित आवाजाही पर लगाम न लगने से हर साल गंभीर हादसे होते हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights