मुज़फ्फरनगर। कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेंद्र कुमार ने बुधवार रात्रि को खतौली नगर पालिका परिसर में बने अस्थायी रैन बसेरे का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने साफ–सफाई, ठहरने की व्यवस्था और शौचालयों की स्थिति का बारीकी से जायज़ा लेते हुए अधिकारियों को कई स्पष्ट निर्देश जारी किए।

एडीएम ने कहा कि रैन बसेरे में कोई भी व्यक्ति जमीन पर सोया हुआ नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी निराश्रितों के लिए फोल्डिंग, प्लंग और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तत्काल सुनिश्चित की जाए। चेतावनी देते हुए कहा कि औचक निरीक्षण में यदि किसी को जमीन पर सोता पाया गया तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी और शासन को भी अवगत कराया जाएगा।उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बढ़ती ठंड के चलते कोई व्यक्ति सड़क पर सोता न दिखाई दे, ऐसे लोगों को तुरंत रैन बसेरों में पहुँचाने की व्यवस्था की जाए।

एडीएम ने रैन बसेरे में आश्रय लेने वाले लोगों से बातचीत कर सुविधाओं की स्थिति के बारे में जानकारी ली और अलाव की व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर जोर दिया।चांदनी रात में भी अधिकारियों ने रैन बसेरे की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए मौके पर मौजूद कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
