मुज़फ़्फ़रनगर। विशेष प्रगाढ़ मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) अभियान अब अंतिम चरण में पहुँच गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन आज जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर एकसाथ मेगा कैंप आयोजित कर रहा है, जिसमें पात्र नागरिकों को अपना SIR फॉर्म भरने का अवसर मिलेगा।जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मुज़फ़्फ़रनगर ने अपील की है कि जिन नागरिकों ने अभी तक अपना SIR फॉर्म नहीं भरा है, वे आज ही अपने मतदान केंद्र पर पहुँचकर प्रक्रिया पूरी करें। बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे और फॉर्म से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी प्रदान करेंगे।
साथ ही वर्ष 2003 की वोटर सूची से जुड़ी जानकारी भी वहीं उपलब्ध कराई जाएगी।जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और पूर्णता लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करती है। कोई भी पात्र नागरिक मतदान अधिकार से वंचित न रह जाए, यही इस विशेष अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। इसी दिशा में आज का मेगा कैंप महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।जिलाधिकारी ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे आज अपने-अपने मतदान केंद्र पहुँचकर ‘‘सशक्त मतदाता सशक्त लोकतंत्र’’ के संकल्प को साकार करने में योगदान दें।
