मुजफ्फरनगर। मतदाता सूचियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विधानसभा क्षेत्र-13 पुरकाजी के 76 बीएलओ को शनिवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुजफ्फरनगर के कार्यालय में प्रशस्ति-पत्र और गिफ्ट पैक देकर सम्मानित किया गया। ये सभी बीएलओ अपने-अपने बूथों का शत-प्रतिशत कार्य समय से पूर्व पूरा कर चुके हैं।सम्मान समारोह में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/एसडीएम राहुल देव भट्ट, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/तहसीलदार राधेश्याम गौड़, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, राजस्व निरीक्षक ऐनुल हसन, समस्त सुपरवाइजर तथा संबंधित बीएलओ विनय वर्मा, श् नूरजहां, मोहम्मद राशिद सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

एसडीएम राहुल देव भट्ट ने बताया कि बीएलओ द्वारा जिम्मेदारी और समर्पण के साथ किए गए कार्य से प्रेरणा लेकर अन्य बीएलओ भी गुणवत्तापूर्वक और समयबद्ध तरीके से अपने बूथों का कार्य पूरा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जिन सुपरवाइजरों के अंतर्गत आने वाले सभी बूथों पर शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण हो जाएगा, उन्हें भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया को लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार बताते हुए सटीक और निष्पक्ष मतदाता सूची तैयार करने के लिए सभी को प्रोत्साहित किया।
