मुज़फ्फरनगर। साईं दान फाउंडेशन, गुरुग्राम द्वारा शुक्रवार को जिले के 140 टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई। टीबी मरीजों के उपचार और पोषण को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में मरीजों को दालें, चना, सूखे मेवे, ओआरएस और आवश्यक पोषण सप्लीमेंट उपलब्ध कराए गए।कार्यक्रम में फाउंडेशन के सुशील और सुनीता ने खुद उपस्थित रहकर मरीजों को पोषण पोटली सौंपी। इस दौरान टीबी हॉस्पिटल मुज़फ्फरनगर के डॉ. लोकेश चंद गुप्ता, विपिन शर्मा, हेमंत यादव, रुचिर, संजीव और अभिषेक भी मौजूद रहे।डॉ. लोकेश गुप्ता ने बताया कि यह पहल “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” अभियान के तहत की जा रही है, जिसके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्ग टीबी मरीजों को गोद ले रहे हैं और उनके पोषण व स्वास्थ्य की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दवा के साथ-साथ उचित पोषण और मानसिक सहयोग टीबी के इलाज को तेज और प्रभावी बनाता है।

डॉ. गुप्ता ने कहा, “ऐसे कार्यक्रम मरीजों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। समाज का सहयोग हमारे लिए सबसे बड़ी ताकत है, जिससे अभियान को गति मिल रही है।”साईं धान फाउंडेशन की ओर से हुई यह पहल न सिर्फ मरीजों को पोषण की मदद प्रदान करती है, बल्कि उन्हें सामाजिक सहयोग और संवेदना का एहसास भी कराती है। अभियान के तहत भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम जारी रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक टीबी मरीजों तक उपचार और पोषण सहायता पहुँच सके।
