मुजफ्फरनगर। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में आठ दिन तक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे बुढ़ाना क्षेत्र के गांव हुसैनपुर कली निवासी अनस ने बुधवार शाम दम तोड़ दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गुरुवार को उसका शव गांव लाया जाएगा।पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगने के बाद पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास करने वाले अनस को गंभीर हालत में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब 80 प्रतिशत तक झुलसने के कारण उसकी स्थिति लगातार नाजुक बनी रही। इलाज के दौरान कुछ समय उसे होश आया था, लेकिन बाद में हालत बिगड़ती चली गई और बुधवार शाम उसकी मौत हो गई।मामला 19 नवंबर की सुबह का है, जब अनस ने पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी।
गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से दिल्ली रेफर कर दिया गया था। इलाज के दौरान अनस ने एक वीडियो बयान जारी कर बुढ़ाना पुलिस पर आरोप लगाए थे। उसने कहा था कि पुलिसकर्मी उसे दुकान से उठाकर ले गए थे, पिटाई की थी और धमकियां दी थीं, जिसके बाद वह तंग आकर यह कदम उठाने को मजबूर हुआ।वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी संजीव कुमार वर्मा ने मामले की जांच एसपी देहात आदित्य वर्मा और सीओ बुढ़ाना नरेंद्र पाल सिंह को सौंपी थी। प्रारंभिक जांच के आधार पर बुढ़ाना कोतवाली में तैनात तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था। पुलिस ने बताया था कि पीड़ित की पूछताछ के सिलसिले में वह थाना लाया गया था।हालाँकि अनस के पिता ने वीडियो के बाद खुद एक वीडियो में पुलिस पर लगे सभी आरोपों को नकार दिया था |
