मुज़फ्फरनगर | बुढ़ाना थाना क्षेत्र के गांव बवाना में स्थित देशी शराब के ठेके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में ठेके पर तैनात सेल्समैन स्पष्ट रूप से ओवररेटिंग करते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सेल्समैन 75 रुपये MRP वाले देशी शराब के पव्वे को उपभोक्ताओं को 80 रुपये में बेचने की जिद करता है।वीडियो में एक व्यक्ति सेल्समैन से दो पव्वों की कीमत पूछता है, जिस पर वह 160 रुपये बताता है। जब उपभोक्ता उससे सवाल करता है कि एमआरपी 75 रुपये है, तो भी सेल्समैन दबंग अंदाज में जवाब देता है “75 का नहीं मिलेगा… 80 रुपये का ही मिलेगा।”वीडियो में सेल्समैन की यह मनमानी और उपभोक्ता के साथ उसकी तकरार साफ दिखाई देती है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है। गांव के लोगों ने बताया कि ठेके पर लंबे समय से ओवररेटिंग हो रही है। कई बार उपभोक्ताओं और सेल्समैन के बीच बहसबाजी और झगड़े भी हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सेल्समैन मनमाने तरीके से अधिक कीमत वसूलता रहता है। ग्रामीणों ने आगे बताया कि उन्होंने पहले भी आबकारी विभाग को इस ओवररेटिंग की शिकायत दी थी, लेकिन तब विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। विभागीय कार्रवाई न होने से सेल्समैन के हौसले और बढ़ते चले गए।अब जब वीडियो वायरल हुआ है, तब जाकर आबकारी विभाग हरकत में आया है। विभाग ने संबंधित लाइसेंसधारी को नोटिस जारी कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार, ओवररेटिंग शराब विक्रय नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है और दोषी पाए जाने पर ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय है।यह मामला ग्रामीणों में चर्चा का विषय बना हुआ है, और लोग उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार विभाग द्वारा ठोस कदम उठाए जाएँगे, ताकि भविष्य में ऐसी ओवररेटिंग और उपभोक्ता शोषण की घटनाएं न दोहराई जाएँ।जिला आबकारी अधिकारी का कहना है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर तुरंत कार्रवाई की गई है। लाइसेंस धारक को नोटिस जारी किया गया है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि जांच में तथ्य पुष्ट होने पर आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights