मुज़फ्फरनगर | विश्व बाल दिवस पर “मेरा दिन, मेरे अधिकार” की थीम के साथ भसाना प्राथमिक विद्यालय, ब्लॉक बुढ़ाना में बाल उत्सव के रूप में मनाया गया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमलकिशोर देशभूषण के निर्देशन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार तथा बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार द्वारा बच्चों को खेल एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बाल क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया।मैच में बच्चों ने जोरदार उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। बाल खिलाड़ियों ने लगातार चौके-छक्के लगाकर विद्यालय परिसर में मौजूद बाल दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

खेल भावना को बढ़ावा देने और बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए डॉ. राजीव कुमार द्वारा मिनी क्रिकेट किट उपहार स्वरूप भेंट की गई।विद्यालय प्रधानाध्यापक श्रीमती मीनू, शिक्षकगण तथा इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के सदस्य श्री शिवराज सिंह ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।विश्व बाल दिवस की शुरुआत 1954 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा सार्वभौमिक बाल दिवस के रूप में की गई थी। यह दिन 1959 में बाल अधिकारों की घोषणा और 1989 में बाल अधिकारों पर कन्वेंशन के अनुमोदन की वर्षगांठ के रूप में भी विशेष महत्व रखता है।इस वर्ष की थीम “मेरा दिन, मेरे अधिकार” बच्चों की आवाज़ को केंद्र में रखकर उन्हें सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, समान अवसर और सम्मानजनक जीवन का अधिकार दिलाने का संदेश देती है। यह दिवस बच्चों के सामने आने वाली चुनौतियों—जैसे हिंसा, भेदभाव, उपेक्षा, गरीबी, शिक्षा से वंचित होना और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी—की ओर वैश्विक ध्यान आकर्षित करता है।

यूनिसेफ के नेतृत्व में विश्व भर में आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छ पानी, पौष्टिक भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और अपने भविष्य को स्वयं आकार देने की स्वतंत्रता सुनिश्चित करना है। समाज, अभिभावकों, शिक्षकों, सरकारों और मीडिया से अपेक्षा की जाती है कि वे बच्चों के अधिकारों को समझें, सम्मान दें और उन्हें सुरक्षित रखें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights