मुज़फ्फरनगर | थाना छपार पुलिस ने हत्या के एक मामले का खुलासा करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से एक बिना नंबर की स्पलेण्डर मोटरसाइकिल और अवैध तमंचा बरामद किया है।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रवि शंकर और थाना प्रभारी मोहित कुमार के नेतृत्व में की गई।जानकारी के अनुसार 20 अक्टूबर को ग्राम खुड्डा निवासी शराफत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गांव के ही मुर्करम पुत्र सिकंदर अपने साथी के साथ उसके पुत्र शोएब (उम्र 22 वर्ष) को देवबंद से देहरादून एयरपोर्ट छोड़ने के बहाने ले गया और उसकी गला काटकर हत्या कर दी। आरोपियों ने शव को देहरादून रोड सहारनपुर में फेंक दिया और शोएब की कार को शामली में ले जाकर जला दिया। तहरीर के आधार पर थाना छपार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। इस संबंध में पुलिस को सूचना मिली कि हत्या के दो आरोपी बरला से बसेड़ा मार्ग की ओर भागने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। कुछ देर बाद दो संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वे भागने लगे और मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। खुद को घिरता देख दोनों ने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस टीम बाल-बाल बची और आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की जिसमें एक बदमाश घायल हो गया जबकि दूसरा गिरफ्तार कर लिया गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के पहचान मनव्वर पुत्र मन्सूर निवासी मोहल्ला गुर्जरवाड़ा कुटी रोड देवबंद (घायल) और अंकित राणा पुत्र समय सिंह निवासी ग्राम फतेहपुर धारूवाला थाना देवबंद जनपद सहारनपुर के रूप ने हुई है । पुलिस ने उनके कब्जे से एक बिना नंबर की स्पलेण्डर मोटरसाइकिल और एक तमंचा 315 बोर मय एक खोखा व एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।इस पुलिस मुठभेड़ टीम में थाना प्रभारी मोहित कुमार, उपनिरीक्षक संजय सिंह, दीपक कुमार, पवन कुमार, कांस्टेबल सोहनवीर और सुमित कुमार आदि शामिल रहे। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
