मुजफ्फरनगर। बघरा ब्लॉक के गांव खेड़ी दुधाधारी में एक अति पिछड़ा परिवार के मकान पर बुलडोजर चलाए जाने के मामले को लेकर सोमवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। भारतीय अति पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन प्रजापति के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और धरना दिया।धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गांव निवासी सोहनलाल प्रजापति के मकान को अवैध बताकर बिना पूर्व सूचना के गिरा दिया गया।
संगठन का कहना है कि लेखपाल द्वारा पहले कथित रूप से एक लाख रुपये की मांग की गई थी, रकम न देने पर ग्राम प्रधान, लेखपाल और थाना प्रभारी की मौजूदगी में बुलडोजर कार्रवाई कराई गई।मोर्चा ने यह भी आरोप लगाया कि इसी भूमि पर लंबे समय से कई अन्य मकान बने हुए हैं, जिन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। यहां तक कि ग्राम प्रधान का आवास भी कथित रूप से उसी तरह की भूमि पर बना है। संगठन का दावा है कि पीड़ित परिवार के सदस्यों को थाने में बैठाकर उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और पैसे लेकर छोड़ा गया, जिससे अति पिछड़ा समाज में रोष व्याप्त है।
धरने के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से वार्ता की और ज्ञापन प्राप्त किया। ज्ञापन में मांग की गई कि पूरे मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, संबंधित अधिकारियों को निलंबित किया जाए और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो।मोहन प्रजापति ने चेतावनी दी कि यदि बिना भेदभाव के न्यायपूर्ण कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन प्रदेश स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।धरने में संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
