मुज़फ्फरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार जनपद मुज़फ्फरनगर की सभी तहसीलों में 19 सितम्बर 2025 को फिजिकल कंडक्ट ऑफ मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलने वाले इस अभ्यास में भूकंप, औद्योगिक (रासायनिक) हादसों और आग से निपटने की तैयारियों का परीक्षण किया जाएगा।इस मॉक ड्रिल में पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, नगर निकाय, जल निगम, जिला पंचायत राज विभाग, शिक्षा विभाग, होमगार्ड सहित सभी संबंधित विभाग सक्रिय भागीदारी करेंगे। साथ ही स्थानीय निकाय, गैर-सरकारी संगठन और सामुदायिक स्तर पर भी जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित होंगे।
कार्यक्रम से पूर्व 9 सितम्बर को ओरिएंटेशन एवं कोऑर्डिनेशन कॉन्फ्रेंस तथा 16 सितम्बर को टेबल टॉप एक्सरसाइज ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जा चुकी है। इस मॉक एक्सरसाइज की विस्तृत रिपोर्ट 23 सितम्बर 2025 तक शासन को भेजी जाएगी।जिलाधिकारी कार्यालय से जारी सूचना के अनुसार इस मॉक एक्सरसाइज का उद्देश्य आपदा प्रबंधन योजनाओं और मानक संचालन प्रक्रियाओं की समीक्षा करना, विभागीय समन्वय को मजबूत बनाना, आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र का परीक्षण करना तथा अधिकारियों और कर्मचारियों की क्षमताओं का आकलन कर आवश्यकतानुसार सुधार करना है।

