मुज़फ्फरनगर। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल योजना के तहत गुरुवार को जनपद के दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया। यह वितरण कैम्प कार्यालय, ड्रीम सिटी, बाईपास रोड मुज़फ्फरनगर में संपन्न हुआ। मीरापुर विधायक मिथलेश पाल ने अपने कर कमलों से दिव्यांग लाभार्थियों को ट्राईसाइकिलें भेंट कीं। इस योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का उद्देश्य रखा गया है।
उल्लेखनीय है कि वितरण में शामिल दोनों लाभार्थियों के लिए मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल का लाभार्थी अंश विधायक निधि से प्रदान किया गया।कार्यक्रम के दौरान विधायक मिथलेश पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। समाज के हर वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि दिव्यांगजन हमारी समाज की शक्ति हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना हम सभी का कर्तव्य है।इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दीक्षा उपाध्याय, पूर्व प्रधान ज्ञान प्रकाश (ग्राम जडवड़), पूर्व प्रधान चंद्रपाल (ग्राम जीवनपुरी) सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में दिव्यांगजनों ने विधायक मिथलेश पाल का आभार व्यक्त किया और सरकार द्वारा दी जा रही सहायता को सराहा।
