मुजफ्फरनगर। थाना भोपा क्षेत्र स्थित हरबीरी देवी डिग्री कॉलेज में सोमवार को मिशन शक्ति फेज-5 और साइबर जागरूकता अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ रहीं, जिन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कॉलेज के प्राचार्य विजय कुमार शर्मा और स्टाफ ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह और फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।

एसपी अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि छात्राओं को अपने अधिकारों की जानकारी रखनी चाहिए और किसी भी प्रकार की असुविधा या अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबरों 1090, 112, 1930, 181, 1076 पर संपर्क करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे समाज में अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें और अन्य महिलाओं को भी जागरूक बनाएं।

इस अवसर पर साइबर थाना टीम ने डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड और मल्टीमीडिया माध्यमों के जरिए ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर बुलिंग, फर्जी वेबसाइट, बैंकिंग धोखाधड़ी और सोशल मीडिया से जुड़ी सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। टीम ने सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और साइबर अपराधों की रिपोर्टिंग के सही तरीकों की जानकारी भी साझा की।कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने महिला सशक्तिकरण और साइबर सुरक्षा का संदेश प्रभावी ढंग से दिया। छात्राओं की प्रस्तुति की मुख्य अतिथि सहित सभी उपस्थित लोगों ने सराहना की।

कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक सुल्तान सिंह, उप निरीक्षक गौरव कुमार (साइबर थाना), कॉलेज के शिक्षकगण, पुलिस अधिकारी/कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य विजय कुमार शर्मा ने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस तरह के आयोजन छात्राओं में आत्मविश्वास और जागरूकता दोनों को मजबूत करते हैं।
