मुज़फ्फरनगर। नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज में बुधवार को मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने दीप प्रज्वलन कर किया। छात्राओं ने स्वागत गीत और सरस्वती वंदना के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया।मुख्य वक्ता एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ, जो मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी भी हैं, ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा, आत्मरक्षा और महिला अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए छात्राओं को सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना चाहिए। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या उत्पीड़न की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल संपर्क करें।

मुख्य अतिथि मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक पहल नहीं, बल्कि समाज की प्रगति की दिशा है। उन्होंने छात्राओं को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, महिला हेल्पलाइन 1090 और मुख्यमंत्री विवाह योजना जैसी योजनाओं की जानकारी दी और उन्हें इनसे लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में छात्राओं ने नृत्य, नाट्य मंचन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से महिला स्वावलंबन और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता का संदेश दिया। साथ ही, महिला पुलिसकर्मियों, शिक्षिकाओं और मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया।इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुमित्रा सिंह, सभासद कुसुमलता पाल, बबीता सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही, सीएसएफआई योगेश गोलियान, एसएफआई वैशाली सोती और लिपिक रूचि शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को महिला सशक्तिकरण की शपथ दिलाई गई। पूरे आयोजन के दौरान आत्मविश्वास, उत्साह और जागरूकता का वातावरण बना रहा, जिसने ‘सशक्त नारी, सशक्त समाज’ के संदेश को नई ऊर्जा दी।
