मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने पल्ला क्षेत्र में यमुना नदी का किया निरीक्षण, पानी का सैंपल भी लिया

नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने रविवार को पल्ला क्षेत्र में यमुना नदी का निरीक्षण किया। इस दौरान यमुना के पानी का सैंपल भी लिया गया। यह वह क्षेत्र है, जहां यमुना हरियाणा से दिल्ली में प्रवेश करती है।

मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने विभागीय अधिकारियों के साथ बोट के माध्यम से जलस्तर और तटीय स्थिति का जायजा लिया। यमुना से पानी का सैंपल भी लिया गया है, ताकि गुणवत्ता की जांच की जा सके।

मंत्री ने बताया कि पल्ला क्षेत्र में पानी बिल्कुल साफ है, लेकिन जैसे ही यमुना दिल्ली में प्रवेश करती है, उसका रंग गहरा और गंदा हो जाता है। दिल्ली में भी यमुना का पानी वैसा ही साफ और स्वच्छ करने का प्रयास सरकार कर रही है।

मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार बरसात के मौसम में पूरी तरह से सड़कों के प्रति सक्रिय है। आम आदमी पार्टी केवल 3-4 स्थानों की तस्वीरें दिखाकर पूरे शहर को जलमग्न बताने की कोशिश कर रही है, जबकि दिल्ली एक विशाल नगर है। हर स्थान पर ऐसा दृश्य नहीं है।

उन्होंने कहा कि जहां पानी कुछ ही मिनटों में निकल जाए, उसे जलभराव नहीं कहा जा सकता। जलभराव तब माना जाता है जब पानी 4-5 घंटे तक भी न निकले। अधिकतर स्थानों पर जल निकासी व्यवस्था ठीक से कार्य कर रही है।

—————

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights