mcd-105-sanitation-workers-reg

नई दिल्ली, 13 मार्च । दिल्ली के महापौर राजा इक़बाल सिंह ने शुक्रवार को बताया कि दिल्ली नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक में राजधानी के नागरिकों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक के दौरान जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, अंतिम संस्कार स्थलों के विकास और कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। उन्होंने बताया कि 105 सफाई कर्मचारियों की सेवाएं नियमित कर दी है।

महापौर राजा इक़बाल सिंह ने बताया कि सदन ने मौजूदा पम्प हाउस के पुनर्निर्माण और स्लज ड्रेन के लिए पम्प हाउस को आधुनिक बनाने के साथ-साथ एक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है। इस एसटीपी के माध्यम से सुंदर नगरी, शास्त्री पार्क, आईपी एक्सटेंशन, लक्ष्मी नगर तथा आसपास के क्षेत्रों में स्थित विभिन्न निगम पार्कों को उपचारित जल उपलब्ध कराया जाएगा। उपचारित जल का उपयोग पार्कों में बागवानी कार्यों के लिए किया जाएगा, जिससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और हरित क्षेत्रों के विकास में मदद मिलेगी।

महापौर ने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य मौजूदा पम्पिंग अवसंरचना को आधुनिक बनाते हुए पर्यावरण अनुकूल तकनीकों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि निगम राजधानी में हरित क्षेत्र बढ़ाने और पारिस्थितिक संतुलन मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।

बैठक में निगम के अधीन आने वाले श्मशान घाटों, कब्रिस्तानों और दफन स्थलों को गोद लेकर उनके विकास और रखरखाव के लिए गैर-सरकारी संगठनों, रेजिडेंट वेलफेयर सोसायटीज़ और स्वयं सहायता समूहों की अनुशंसाओं से संबंधित प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इस पहल के तहत कुल 24 एनजीओ, आरडब्ल्यूएस और स्वयं सहायता समूहों को अंतिम रूप दिया गया है।

इसके अलावा दक्षिणी क्षेत्र के ग्रीन पार्क श्मशान घाट और नजफगढ़ क्षेत्र के द्वारका सेक्टर-24 श्मशान घाट में पर्यावरण अनुकूल अंतिम संस्कार पद्धति को बढ़ावा देने के लिए 100 प्रतिशत ‘उपला’ (गोबर के कंडे) के उपयोग पर आधारित पायलट परियोजना चलाने की सिफारिश भी की गई है, जिससे पारंपरिक लकड़ी के उपयोग को कम किया जा सके।

महापौर ने यह भी घोषणा की कि दिल्ली नगर निगम ने 105 सफाई कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित कर दिया है। उन्होंने कहा कि पात्र सफाई कर्मचारियों को स्थायी रोजगार का लाभ देने की प्रक्रिया आगे भी पारदर्शिता और तेजी के साथ जारी रखी जाएगी।

बैठक के दौरान विभिन्न वार्डों से जुड़े नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी ढांचे के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। महापौर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम राजधानी के नागरिकों को बेहतर नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराने और उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights