मास्टर प्लान 2041 जल्द होगा लागू, लाल डोरे की पहली रजिस्ट्री होगी मुफ्त : प्रवेश साहिब सिंह

-दिल्ली के 48 गांवों का किया जाएगा शहरीकरण

-दौलतपुर में किसानों का अनशन मंत्री प्रवेश साहिब सिंह कराया समाप्त

नई दिल्ली, 17 मई (हि.स.)। दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्रों के भविष्य को नया आकार देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने आज कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने जानकारी दी कि राजधानी का बहुप्रतीक्षित मास्टर प्लान 2041 अब अपने अंतिम चरण में है और इसे शीघ्र ही लागू किया जाएगा।

इस मास्टर प्लान के लागू होने से दिल्ली के लगभग 48 गांवों का शहरीकरण किया जाएगा। यह केवल एक तकनीकी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि एक बड़ा सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन है, जिससे गांवों को आधुनिक शहरी सुविधाओं से जोड़ा जाएगा। शहरीकरण के बाद इन गांवों में सड़कों का जाल, बेहतर सीवरेज, पानी की आपूर्ति, स्ट्रीट लाइटिंग, स्कूल, अस्पताल और अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

पीडब्ल्यूडी मंत्री ने एक और बड़ी राहत की घोषणा करते हुए बताया कि लाल डोरे की पहली रजिस्ट्री निशुल्क की जाएगी। यह फैसला हजारों ग्रामीण परिवारों को सीधा लाभ देगा, जो वर्षों से अपनी संपत्तियों के वैध दस्तावेजों की प्रतीक्षा कर रहे थे। इससे संपत्ति संबंधी विवादों में कमी आएगी और लोगों को कानूनी सुरक्षा भी मिलेगी।

मंत्री प्रवेश साहिब सिंह दौलतपुर गांव पहुंचे, जहां किसानों द्वारा चलाए जा रहे अनशन को समाप्त करवाने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने किसानों से संवाद कर उनकी चिंताओं को समझा और स्पष्ट आश्वासन दिया कि उनकी सभी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। मंत्री के सकारात्मक रुख और भरोसेमंद संवाद के बाद किसानों ने अपना अनशन समाप्त कर दिया।

उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कि हमारा उद्देश्य सिर्फ योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि जमीन पर उन्हें पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी से लागू करना है। मास्टर प्लान 2041 दिल्ली के गांवों की तस्वीर बदल देगा और ग्रामीणों को शहर जैसी सुविधाएं देने का माध्यम बनेगा।

पीडब्ल्यूडी मंत्री ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस योजना से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध और जनहित को ध्यान में रखकर पूरे किए जाएं। दौलतपुर समेत कई गांवों के ग्रामीणों ने मंत्री के इस हस्तक्षेप का स्वागत किया और सरकार के प्रति आभार जताया। इसके साथ साथ दरियापुर खुर्द गांव में नए चौपाल का उद्घाटन किया।

—————

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights