आरबीआई के फैसले से उछला शेयर बाजार, सेंसेक्‍स में 612.20 अंकों की बढ़त

नई दिल्ली, 06 जून (हि.स)। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) की मौद्रिक नीति के नतीजों के एलान के बाद हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार में तेजी देखने को मिल रही है। बॉम्‍बे स्‍टॉक एकसचेंज (बीएसई) का सेंसेक्‍स 612.20 अंक यानी 0.75 फीसदी की बढ़त के साथ 82,054.24 के स्‍तर पर ट्रेंड कर रहा है। इसी तरह नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 201.90 अंक यानी 0.82 फीसदी उछलकर 24,952.80 के स्‍तर पर कारोबार कर रहा है।

शेयर बाजार में आज के कारोबार में मेटल और रियल्टी सेक्‍टर के शेयरों में तेजी है। बैंकिंग, ऑटो और रियल्टी शेयर्स में आज ज्यादा बढ़त है। वहीं, एफएमसीजी और आईटी शेयर्स दबाव में कारोबार कर रहे हैं। हालांकि, शेयर बाजार के दोनों प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट दर्ज की गई थी। इसके अलावा, वैश्विक बाजारों में सुस्त रुख और विदेशी पूंजी की निकासी ने भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया।

ग्लोबल मार्केट में मिला-जुला कारोबार

वहीं, एशियाई बाजार में जापान का निक्केई 0.50 फीसदी की तेजी के साथ 37,730 पर और कोरिया का कोस्पी 1.50 फीसदी ऊपर 2,812 पर कारोबार कर रहा है। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.30 फीसदी की गिरावट के साथ 23,824 के स्तर पर है। वहीं, चीन का शंघाई कंपोजिट 3,382 के स्तर पर फ्लैट कारोबार कर रहा है।

उल्‍लेखनीय है कि वैश्विक बाजार में तेजी के बीच हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार को शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। बॉम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्‍स 443.79 अंक यानी 0.55 फीसदी की उछाल के साथ 81,442.04 के स्‍तर पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 130.70 अंक यानी 0.53 फीसदी की बढ़त के साथ 24,750.90 के स्‍तर पर बंद हुआ था।

—————

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights