मनोज पाल (9911711593)

मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में चल रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत शुक्रवार को मुजफ्फरनगर में आर्य एकैडमी इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा 11 की छात्रा मान्या गोयल को एक दिन के लिए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) का पदभार सौंपा गया।

मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर कंडारकर ने औपचारिक रूप से मान्या गोयल को कार्यभार ग्रहण कराया और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य बेटियों को आत्मविश्वासी बनाना और उन्हें प्रशासनिक कार्यों का अनुभव देना है, ताकि वे आने वाले समय में समाज और राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा सकें। कार्यभार संभालते ही एक दिन की सीडीओ बनीं मान्या गोयल ने सक्रियता दिखाते हुए जनसमस्याओं पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने ग्राम पंचायत ककराला से प्राप्त एक शिकायत पत्र का संज्ञान लिया, जिसमें गांव में फैली गंदगी और नियमित सफाई न होने की शिकायत की गई थी। मान्या गोयल ने तत्काल संबंधित ग्राम सचिव से फोन पर बातचीत कर मामले की जानकारी ली और गांव में तुरंत सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि साफ-सफाई का कार्य पूर्ण होने के बाद इसकी रिपोर्ट पुनः कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि शिकायत का समाधान समय पर हुआ है।

मान्या गोयल ने कहा कि उन्हें एक दिन के लिए प्रशासनिक जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलना गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि मैंने आज समझा कि प्रशासनिक अधिकारी किस तरह जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उनका समाधान करते हैं। भविष्य में मैं भी देश और समाज के लिए कुछ बड़ा करना चाहती हूं।कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी रेनू श्रीवास्तव, डॉ. राजीव कुमार, आर्य एकैडमी इंटरनेशनल स्कूल की शिक्षिका नीलू सिंह सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights