भोकरहेड़ी में पसरा मातम, सऊदी अरब से लाया जाएगा शव
मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी में उस समय मातम छा गया, जब सऊदी अरब की राजधानी रियाद से एक दर्दनाक खबर आई। मोहल्ला पीपल वाला निवासी 22 वर्षीय आस मोहम्मद अंसारी उर्फ मुन्ना ने शनिवार को वीडियो कॉल के दौरान फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।जानकारी के अनुसार, आस मोहम्मद अपनी पत्नी सानिया से वीडियो कॉल पर बातचीत कर रहा था। बात करते-करते अचानक उसने किसी अज्ञात कारण से आत्मघाती कदम उठा लिया। यह सब कुछ मोबाइल कैमरे पर पत्नी के सामने ही होता रहा, लेकिन हजारों किलोमीटर दूर बैठी सानिया कुछ नहीं कर सकी।
घटना की सूचना मिलते ही रियाद में ही कार्यरत मृतक के मामा इकराम अंसारी मौके पर पहुंचे और आस मोहम्मद को फंदे पर लटका पाया। इसके बाद स्थानीय पुलिस को जानकारी दी गई।मृतक के पिता कासिम अंसारी, जो पेशे से टेलर मास्टर हैं, बेटे की मौत की खबर सुनते ही बेसुध हो गए। पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है। आसपास के लोग परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए लगातार उनके घर पहुंच रहे हैं।परिवार ने बताया कि शव को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हालांकि आत्महत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। स्थानीय लोगों ने घटना को बेहद दर्दनाक बताते हुए प्रशासन से शव को जल्द भारत लाने की मांग की है।
