मुजफ्फरनगर। दीपावली, गोवर्धन पूजा व भाई दूज जैसे प्रमुख पर्वों से पहले बढ़ती मांग के मद्देनज़र खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले भर में सघन जांच-अभियान चलाकर कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की और संदिग्ध खाद्य पदार्थ मौके पर नष्ट कराए।सहायक आयुक्त (खाद्य) अर्चना धीरान ने बताया कि यह अभियान आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ तथा जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवकुमार मिश्रा के नेतृत्व में चलाया गया।

टीम ने विभिन्न स्थानों से कुल 8 खाद्य नमूने एकत्र कर खाद्य प्रयोगशाला, लखनऊ भेजे हैं। जांच रिपोर्ट मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।कार्यवाही के दौरान मैसर्स रजत जैन डेयरी से मिश्रित दूध और पनीर के नमूने लिए गए और उन्हें जांच के लिए भेजा गया।राष्ट्रीय राजमार्ग जानसठ पर स्थित मैसर्स मिलन स्वीट्स (पानीपट-खटीमा मार्ग) पर चैकिंग के दौरान चमचम मिठाई के दो तथा घीया की लॉज का एक नमूना संदेह के आधार पर संग्रहित किए गए। अनुमानित मूल्य ₹28,000 की 100 किलो चमचम मिठाई मिलावटी पाए जाने के शक में सहायक आयुक्त खाद्य अर्चना धीरान के समक्ष मौके पर नष्ट कर दी गई।जानसठ क्षेत्र के गांव बसायच में मैसर्स नेचुरल फूड्स पर छापेमारी में गाजर पेस्ट और रेड चिली सॉस के एक-एक नमूने लिए गए।

निरीक्षण में ₹4,000 मूल्य के 100 किलो गाजर पेस्ट और ₹20,000 मूल्य के 200 किलो रेड चिली सॉस अस्वच्छ व संदिग्ध पाए जाने पर मौके पर गड्ढा खोदकर दबाकर नष्ट कर दिए गए।इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुनील कुमार, विशाल चौधरी, वैभव शर्मा, मनोज कुमार एवं कुलदीप सिंह शामिल रहे। सहायक आयुक्त ने बताया कि जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक भी आयोजित कर खाद्य सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा कर आगामी रणनीति तैयार की गई।
