मुज़फ्फरनगर। वामा सारथी व मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत मुज़फ्फरनगर पुलिस ने महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए रिज़र्व पुलिस लाइन में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया।

शिविर का शुभारम्भ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा और उनकी धर्मपत्नी डॉ. नीलम राय ने संयुक्त रूप से किया। इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने महिलाओं से जुड़ी बीमारियों, बच्चों के स्वास्थ्य और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराईं। महिलाओं को स्त्री रोग परामर्श, पोषण संबंधी जानकारी और मानसिक स्वास्थ्य पर मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही जीवनशैली सुधार, योग, संतुलित आहार और तनाव प्रबंधन पर भी उपयोगी जानकारी प्रदान की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 केवल महिलाओं की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके स्वास्थ्य, सम्मान और आत्मनिर्भरता को भी केंद्र में रखता है। पुलिस बल की महिला कर्मियों और उनके परिवारजनों को स्वस्थ और जागरूक बनाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी फुगाना रूपाली राव, प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस परिवार के सदस्य मौजूद रहे |
