उप्र प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद समाप्त हो गया माफिया राज: नवाब खान
प्रयागराज,05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जब से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार बनी है, उसके बाद से लगातार प्रदेश की कानून व्यवस्था में सुधार आया है। प्रदेश से गुण्डाराज पूरी तरह से समाप्त हो चुका है। चहुमुखी विकास हो रहा है। प्रदेश की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया है। यह बात गुरुवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी के जन्मदिन के मौके पर सिविल लाइन सुभाष चौराहे पर पौध वितरित करने के बाद भारतीय जनता पार्टी प्रयागराज अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष नवाब खान ने कही।
उन्होंने कहा कि देश के सबसे यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन को मनाने के लिए अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता एक पेड़ मुख्यमंत्री के नाम का अभियान शुरू करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण करने के लिए लोगों में पौधे वितरित किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चित्र को लड्डू खिलाते हुए जयघोष किया। इस मौके पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नारे के साथ लोगों का ध्यान केंद्रित किया।
इस मौके पर प्रयागराज भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष फैजान अहमद ने कहा कि प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद से माफिया राज समाप्त हो गया। सभी वर्ग के लोगों को न्याय मिल रहा है और सरकार द्वारा शुरू हुई सभी योजनाओं का लाभ बगैर भेदभाव के मिल रहा है। पीएम आवास, मुख्यमंत्री आवास, मत्स्य कारोबार, बकरी पालन सहित अन्य छोटे रोजगार भी उपलब्ध कराया जा रहा है। आने वाले विधानसभा चुनाव 2027 में योगी सरकार बनाने के लिए पूरा प्रयास अभी से शुरू कर दिया गया है। प्रदेश में योगी सरकार बनाने के लिए मुस्लिम समाज को जोड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
इस मौके पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष फैजान अहमद, मो.सरीफ समेत अन्य वरिष्ठ भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
—————