लखनऊ। योगी सरकार ने वर्ष 2025-26 में धान खरीद के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अब तक चार लाख से अधिक किसानों से लगभग 25 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद पूरी कर ली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि धान खरीद की प्रक्रिया को और तेज किया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान सरकारी लाभ से वंचित न रहे। प्रदेश में धान खरीद के लिए अब तक 8,67,232 किसानों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें से 18 दिसंबर तक 4,08,740 किसानों से धान की खरीद पूरी हो चुकी है। खरीदे गए धान का भुगतान डीबीटी के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में किया जा रहा है, जिससे उन्हें समय पर धनराशि मिल रही है।
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रदेशभर में 4743 धान क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां तौल, भुगतान और अन्य सभी व्यवस्थाएं पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, तौल और भुगतान में देरी न की जाए और सभी केंद्र तय मानकों के अनुरूप कार्य करें। धान खरीद अभियान के जरिए योगी सरकार का उद्देश्य अन्नदाता किसानों की आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित करना है। निर्बाध खरीद व्यवस्था और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से सीधे भुगतान से बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है और किसानों को उनकी उपज का पूरा लाभ मिल रहा है।
